महिला के साथ दुष्कर्म,आरोपी बाबा गिरफ्तार
ढोंगी बाबा पूजापाठ के नाम पर करता था दुष्कर्म
महिला की शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
मुंबई के कांदीवली पुलिस ने एक ऐसे ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है जो पूजापाठ के नाम पर महिला के साथ दुष्कर्म कर रहा था लेकिन महिला की शिकायत के बाद अब बाबा पुलिस के शिकंजे में है।
कांदीवली में एक 37 वर्षीय महिला ने एक बाबा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया,पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर बाबा के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
कांदीवली पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि 37 वर्षीय पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 45 वर्षीय प्रणव शुक्ला उर्फ प्रणवानंद महाराज को गिरफ्तार किया,पुलिस ने बताया कि आरोपी बाबा ने कांदिवली के रघुलीला मॉल स्थित अपने कार्यालय में महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म किया और वसई के ठाणे जिले में अलग अलग ठिकानों पर कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया।
पीड़िता ने बताया कि बाबा ने अनुष्ठान करने के लिए महिला से कुछ पैसे भी लिए और जब उसने उसकी समस्याओं का समाधान नहीं किया तो उसकी अनदेखी करनी शुरू कर दी,फिलहाल पुलिस ने आरोपी बाबा के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच में जुट गई।
महिला अपने घर की समस्या से परेशान थी उसी को दूर करने के लिए बाबा के पास गई और उसके झांसे में आ गई। ढोंगी बाबा ने महिला को पूजापाठ के साथ उसे अपना गुरु बनाने को कहा और फिर अलग अलग बहाने से महिला के साथ दुष्कर्म करने लगा।